पंजाब का वोटर किसी पार्टी का परमानेंट वोट बैंक नहीं है. वह सत्ता बदलता है, प्रयोग करता है, पुराने दल को वापस लाता है और जरूरत पड़ने पर दो निर्दलीयों को भी लोकसभा भेज देता है. 2027 में करीब दो करोड़ मतदाताओं के सामने पांच बड़े राजनीतिक विकल्प, कई छोटे प्रयोग और उनसे भी बड़े सवाल होंगे. असली मुकाबला शायद AAP बनाम कांग्रेस का नहीं, बल्कि उस नैरेटिव का होगा जिसमें पंजाब का मतदाता अपनी जिंदगी, अपने बच्चों और अपने भविष्य की तस्वीर देखेगा.

आरके सेठी
चंडीगढ़, 24 अगस्त.
पंजाब का मतदाता अजीब तरह से ‘निर्मम’ है. वह किसी पार्टी का परमानेंट वोट बैंक नहीं है. आने वाले पंजाब चुनाव में इस बार पार्टियों की सियासी जंग कम होगी, नैरेटिव की लड़ाई ज्यादा होगी. 2012 में कांग्रेस को करीब 40 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन सत्ता अकाली दल-भाजपा गठबंधन के पास गई. 2017 में उसी पंजाब ने कांग्रेस को 77 सीटें देकर सत्ता में लौटा दिया. 2022 में उसने कांग्रेस और अकाली दल दोनों को पीछे छोड़ आम आदमी पार्टी को 42.01 प्रतिशत वोट के साथ 92 सीटें दे दीं. और 2024 में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा सात सीटें मिलीं, जबकि भाजपा को 18.56 प्रतिशत वोट मिलने के बावजूद एक भी सीट नहीं मिली. उसी चुनाव में दो निर्दलीय भी लोकसभा पहुंच गए. यह आंकड़े एक बात साफ करते हैं- पंजाब में मतदाता को किसी एक राजनीतिक खांचे में बंद करके समझना खतरनाक है.
वह प्रयोग करता है. वह नाराज होता है. वह उम्मीद करता है. और जब उसे लगता है कि कोई नया विकल्प उसकी बात ज्यादा अच्छी तरह कह रहा है, तो वह पुराने राजनीतिक समीकरणों को एक झटके में उलट देता है. इसलिए 2027 के पंजाब को समझने का सबसे आसान तरीका शायद गलत है- AAP बनाम कांग्रेस, कांग्रेस बनाम BJP या SAD की वापसी. असल सवाल इससे कहीं बड़ा है. 2027 में पंजाब का नैरेटिव किसका होगा? और उससे भी बड़ा सवाल- किसकी बात सुनकर पंजाब का वोटर कहेगा, “यही तो मेरी बात है.”
करीब दो करोड़ वोटर, और बदलती हुई मतदाता संरचना
2027 के मतदाताओं की अंतिम तस्वीर अभी तैयार नहीं हुई है. जून 2026 में पंजाब में 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे. विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में 1,93,94,408 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त हुए. 13 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची आएगी. इसलिए फिलहाल यह कहना ठीक रहेगा कि पंजाब में करीब दो करोड़ वोटर है.
इस संख्या का सबसे दिलचस्प हिस्सा युवा हैं. निर्वाचन आयोग के 2024 के आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता कुल मतदाताओं का 21.44 प्रतिशत थे. मौजूदा 1.94 करोड़ के पैमाने पर देखें तो यह करीब 41.6 लाख मतदाताओं के बराबर बैठता है. यह 2027 की अंतिम युवा मतदाता संख्या नहीं, बल्कि उपलब्ध अनुपात पर आधारित अनुमान है.
युवा वोट को इसलिए सिर्फ “यूथ वोट” कहकर छोड़ देना भी भूल होगी. यही वह पीढ़ी है जो नौकरी, विदेश, शिक्षा, नशा, डिजिटल दुनिया, पहचान, उद्यमिता और जीवन की गुणवत्ता- सभी को एक साथ देखती है. यानी 2027 का युवा सिर्फ वोटर नहीं, नैरेटिव का सबसे बड़ा मैदान है.
AAP: 42 प्रतिशत से फिर बहुमत तक?
2022 में AAP का वोट शेयर 42.01 प्रतिशत था और पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर पंजाब की राजनीति का नक्शा बदल दिया. कांग्रेस 22.98 प्रतिशत वोट के साथ 18 सीटों पर सिमट गई, SAD 18.38 प्रतिशत पर तीन सीटों में और BJP 6.60 प्रतिशत पर दो सीटों में रह गई.
AAP के लिए 2027 का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह सत्ता में है. और सबसे बड़ी समस्या भी यही है. 2022 में उसका नैरेटिव था-बदलाव. 2027 में उसे बताना होगा- बदलाव का परिणाम.
वह मुफ्त बिजली, कल्याणकारी योजनाओं, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार-विरोध और प्रशासनिक कामकाज को अपनी उपलब्धि के रूप में पेश करेगी. लेकिन मतदाता के हाथ में पांच साल का अनुभव होगा. सवाल होगा- “आपने जो कहा था, उसमें से मेरी जिंदगी में क्या बदला?” यही वह जगह है जहां AAP का चुनावी भविष्य तय होगा. सत्ता उम्मीद नहीं बेचती. सत्ता को परिणाम बेचने पड़ते हैं.
AAP के लिए एक और महत्वपूर्ण संकेत उपचुनावों से आया है. 2022 के बाद हुए विधानसभा उपचुनावों में पार्टी ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया है और तरनतारन उपचुनाव जीतने के बाद सात में से छह सीटें अपने नाम कीं. लेकिन उपचुनावों की जीत को विधानसभा चुनाव में बहुमत की गारंटी मानना भी जल्दबाजी होगी.
आज की तस्वीर में AAP सबसे मजबूत राजनीतिक धुरी जरूर है, लेकिन 2027 में उसके लिए सबसे बड़ा प्रश्न यही होगा कि 2022 का बदलाव नैरेटिव पांच साल बाद भी उतना ही आकर्षक है या नहीं.
कांग्रेस: 22.98 प्रतिशत से वापसी की कोशिश
कांग्रेस के लिए 2027 की लड़ाई एक साधारण सत्ता-विरोधी लहर पर सवार होने की लड़ाई नहीं है. 2022 में पार्टी 77 से गिरकर 18 सीटों पर आ गई थी. लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव ने उसे पंजाब में फिर सांस दी. कांग्रेस ने 26.30 प्रतिशत वोट के साथ सात लोकसभा सीटें जीतीं. AAP 26.02 प्रतिशत के साथ तीन सीटों पर रही. कांग्रेस के लिए यह आंकड़ा महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह कह सकती है- “AAP को हराया जा सकता है.” लेकिन लोकसभा और विधानसभा की राजनीति अलग होती है. 2024 का वोट 2027 की गारंटी नहीं है.
कांग्रेस की असली परीक्षा यह होगी कि वह AAP-विरोध को कांग्रेस-समर्थन में बदल पाएगी या नहीं. इसी वजह से उसका जेन-जी पर जोर महत्वपूर्ण है. युवा, रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य और जलवायु जैसे मुद्दों को घोषणापत्र में प्रमुखता देने की तैयारी बताती है कि कांग्रेस समझ रही है कि पुराने राजनीतिक नारों से नया पंजाब नहीं जीता जा सकता.
लेकिन कांग्रेस के सामने एक और सवाल है- नई कहानी का विश्वसनीय चेहरा कौन होगा? क्योंकि मतदाता सिर्फ यह नहीं पूछता कि “सरकार गलत है?” वह पूछता है- “तो आप क्या करेंगे?”
BJP: 18.56 प्रतिशत वोट, लेकिन शून्य सीट- क्या यह संकेत है?
BJP का 2027 का खेल सबसे दिलचस्प है. 2022 विधानसभा चुनाव में पार्टी केवल 6.60 प्रतिशत वोट और दो सीटों तक सीमित थी. लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव में BJP का पंजाब वोट शेयर बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया- फिर भी उसे एक भी सीट नहीं मिली. यही पंजाब की चुनावी राजनीति का बड़ा सबक है- वोट प्रतिशत बढ़ना और सीटें बढ़ना एक ही बात नहीं है. लेकिन 18.56 प्रतिशत को नजरअंदाज करना भी संभव नहीं. BJP अब पंजाब में हाशिये की पार्टी मानकर खारिज किए जाने की स्थिति में नहीं है.
उसका नैरेटिव है- विकास, केंद्र के साथ बेहतर तालमेल, राष्ट्रीय सुरक्षा, संगठन विस्तार और AAP-कांग्रेस से अलग विकल्प. पार्टी संगठन मजबूत करने और सामाजिक विस्तार पर जोर दे रही है. 2027 में बीजेपी अकेले लड़ेगी या किसी पुराने या नये साथी के साथ मिलकर लड़ेगी, इस पर अंतिम तस्वीर अभी साफ नहीं है.
लेकिन BJP के सामने सबसे बड़ा सवाल है- पंजाब उसे दिल्ली के प्रतिनिधि के रूप में देखेगा या पंजाब के विकल्प के रूप में? यही उसके 18.56 प्रतिशत वोट को सीटों में बदलने की असली कुंजी होगी.
SAD: गिरावट के बाद वापसी कितनी?
अकाली दल का इतिहास पंजाब की चुनावी राजनीति में सबसे ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला है. 2012 में SAD को करीब 34.7 प्रतिशत वोट और 56 सीटें मिली थीं. BJP के साथ गठबंधन ने सरकार बनाई. 2017 में वोट शेयर करीब 25.2 प्रतिशत और सीटें 15 रह गईं. 2022 में वोट शेयर 18.38 प्रतिशत और सीटें सिर्फ तीन रह गईं. 2024 लोकसभा में SAD 13.42 प्रतिशत वोट और एक सीट पर सिमट गया.
लेकिन इन आंकड़ों से SAD को ‘मृत’ मान लेना भी जल्दबाजी होगी. उसके पास पंजाब की राजनीति में एक ऐसा नैरेटिव है जिसे कोई दूसरी पार्टी पूरी तरह अपने कब्जे में नहीं ले सकती- पंजाबियत, पंथक पहचान, संघीय अधिकार और अकाली विरासत.
समस्या यह है कि विरासत और भविष्य अलग चीजें हैं. SAD को यह जवाब देना होगा- “आज के पंजाब के युवा के लिए हमारी जरूरत क्यों है?”
बेअदबी, बंदी सिख, पंजाब के अधिकार और पंथक राजनीति के सवाल फिर राजनीतिक विमर्श में हैं. इसी समय SAD-BJP के संभावित गठबंधन की चर्चा ने चुनावी समीकरण को और रोचक बना दिया है.
अगर SAD और BJP साथ आते हैं, तो यह केवल सीटों का समझौता नहीं होगा. दो अलग नैरेटिव- दिल्ली और पंजाब को एक चुनावी पैकेज में जोड़ने की कोशिश होगी. और यही इस गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत भी हो सकती है और सबसे बड़ी कमजोरी भी.
नई पार्टियां: छोटी ताकत नहीं, बड़ा चुनावी प्रभाव
पंजाब की 2027 की कहानी का सबसे कम आंका गया अध्याय नई राजनीतिक ताकतें हो सकती हैं. 2024 लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने कुल मिलाकर 7.86 प्रतिशत वोट हासिल किए और दो सीटें जीतीं. खडूर साहिब से अमृतपाल सिंह और फरीदकोट से सरबजीत सिंह खालसा की जीत ने यह साबित किया कि पारंपरिक दलों के बाहर भी बड़ा राजनीतिक स्पेस मौजूद है.
अब यह प्रयोग विधानसभा चुनाव में संगठित रूप लेने की कोशिश कर रहा है. अकाली दल वॉरिस पंजाब दे ने 2027 के लिए उम्मीदवार घोषित करना शुरू कर दिया है. मजीठा से पप्पलप्रीत सिंह सहित कुछ उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है.
यह जरूरी नहीं कि नई पार्टी सत्ता के करीब पहुंचे. लेकिन यह जरूरी है कि वह किसी और को सत्ता से दूर कर सकती है.
यही चुनावी गणित है. अगर किसी सीट पर पहला उम्मीदवार 34 प्रतिशत, दूसरा 31 प्रतिशत और तीसरा 24 प्रतिशत वोट ले जाए, तो तीसरा उम्मीदवार सीट नहीं जीतकर भी चुनाव का परिणाम तय कर देता है.
इसलिए नई पार्टियों की अहमियत उनकी सीटों से नहीं, उनके वोट के स्थान और प्रभाव से तय होगी. 2027 में कुछ प्रतिशत वोट भी कई सीटों के परिणाम बदल सकते हैं.
असली विस्फोटक तत्व: पंजाब का मतदाता बहुकोणीय चुनाव से डरता नहीं!
यही पंजाब की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है. यहां मतदाता ने कई बार राजनीतिक प्रयोग किए हैं. 2012 में कांग्रेस का बड़ा वोट उसे सत्ता नहीं दिला पाया. 2017 में कांग्रेस ने सत्ता वापस ली. 2022 में AAP ने पुराने ढांचे को तोड़ दिया. 2024 में BJP ने 18.56 प्रतिशत वोट लिए, लेकिन एक सीट नहीं जीती. दो निर्दलीयों ने लोकसभा जीत ली.
इससे एक बात साफ है- पंजाब का वोटर पार्टी से ज्यादा चुनाव की परिस्थिति को पढ़ता है. और परिस्थिति जितनी बहुकोणीय होगी, नैरेटिव उतना महत्वपूर्ण होगा.
किसान: MSP से आगे का नैरेटिव
किसान का मुद्दा सिर्फ MSP नहीं है. खेती की लागत, पानी, कर्ज, फसल विविधीकरण, कृषि बाजार, केंद्र की नीतियां और किसान परिवार की अगली पीढ़ी- ये सब एक ही बड़े सवाल में बदल रहे हैं- “पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था बचेगी कैसे?”
जो पार्टी किसान को केवल MSP की रसीद दिखाएगी, वह शायद आधी कहानी ही बताएगी. किसान का बेटा अब पूछता है- “मैं खेती करूं क्यों?” अगर इस सवाल का जवाब नहीं मिला तो किसान राजनीति सिर्फ समर्थन मूल्य की राजनीति बनकर रह जाएगी.
कर्मचारी: वोट से पहले असंतोष
OPS, पेंशन, वेतन, DA और नियमितीकरण जैसे मुद्दे सरकारी कर्मचारियों के बीच राजनीतिक असंतोष पैदा कर सकते हैं. यह वर्ग इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि कर्मचारी केवल एक व्यक्ति नहीं, एक विस्तृत सामाजिक नेटवर्क है. 2022 में “बदलाव” के साथ खड़ा कर्मचारी 2027 में सरकार से हिसाब मांग सकता है. और अगर उसका असंतोष व्यापक सामाजिक माहौल से जुड़ गया, तो यह चुनावी नैरेटिव बन सकता है. पंजाब में करीब साढ़े तीन लाख सरकारी कर्मचारी और करीब चार लाख पेंशनर्स हैं. जाहिर है, इनका रुझान और खिलाफत काफी कुछ तय करने की स्थिति में है.
युवा: 41 लाख के आसपास का सवाल
21.44 प्रतिशत का आंकड़ा अपने आप में पूरी कहानी नहीं है, लेकिन वह दिशा जरूर दिखाता है. करीब 41-42 लाख के पैमाने का 18-29 आयु वर्ग चुनावी राजनीति के लिए बहुत बड़ा समूह है. लेकिन युवा का सवाल केवल रोजगार नहीं है. वह पूछ रहा है-“मैं पंजाब में क्यों रहूं?”
यही शायद 2027 का सबसे असहज सवाल है. अगर किसी राज्य का युवा लगातार विदेश को अपना भविष्य समझने लगे तो समस्या केवल बेरोजगारी की नहीं रहती. यह राज्य पर भरोसे की समस्या बन जाती है. युवा कहता है- नौकरी चाहिए, अच्छी शिक्षा चाहिए, नशे से सुरक्षा चाहिए, उद्यमिता का मौका चाहिए और सबसे बढ़कर-“मुझे यह विश्वास चाहिए कि मेरा भविष्य यहीं बन सकता है.” जो पार्टी यह भरोसा पैदा करेगी, वह सिर्फ युवा वोट नहीं लेगी. वह भविष्य का नैरेटिव अपने नाम कर सकती है.
नशा: कानून-व्यवस्था से ज्यादा परिवार का सवाल
पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा फिर राजनीतिक केंद्र में है. कांग्रेस सरकार पर हमला कर रही है और BJP भी इसे AAP सरकार की विफलता के रूप में उठा रही है. लेकिन यह मुद्दा आंकड़ों से ज्यादा भावनात्मक है. एक मां के लिए यह पुलिस की कार्रवाई नहीं. एक पिता के लिए यह अपराध का आंकड़ा नहीं. यह उसके बच्चे का भविष्य है. इसलिए चुनाव में ड्रग्स का सबसे असरदार नैरेटिव शायद यह नहीं होगा कि किस सरकार ने कितने मामले दर्ज किए. सवाल होगा- “क्या पंजाब अपने बच्चों को बचा पा रहा है?”
पंथक राजनीति: पुराना मुद्दा, नया मतदाता
पंथक राजनीति की वापसी को भी सिर्फ SAD की वापसी के रूप में देखना भूल होगी. अमृतपाल से जुड़ी राजनीतिक ताकत, SAD की पुनर्स्थापना, बेअदबी के सवाल और युवा सिख मतदाता की नई आकांक्षाएं एक नया राजनीतिक क्षेत्र बना रही हैं. लेकिन नया पंथक मतदाता सिर्फ पहचान नहीं पूछता. वह साथ में पूछता है- “मेरी नौकरी?” “मेरा भविष्य?” “मेरी शिक्षा?”
यानी 2027 का पंथक नैरेटिव अगर केवल अतीत की स्मृतियों तक सीमित रहा तो उसकी सीमा होगी. अगर वह पहचान को भविष्य से जोड़ पाया, तभी वह व्यापक राजनीतिक प्रभाव पैदा कर सकता है.
और फिर आता है पंजाब बनाम दिल्ली
चंडीगढ़. पानी. BBMB. कृषि. MSP. केंद्रीय फंड. सीमा. संघीय अधिकार. इन सबको अलग-अलग मुद्दे मानना शायद गलती होगी.
इनके पीछे एक बड़ा नैरेटिव है- “पंजाब अपने फैसले खुद कितनी मजबूती से कर सकता है?” AAP इसे अपने तरीके से कहेगी. कांग्रेस अपने तरीके से. SAD इसे पंजाबियत और संघवाद से जोड़ेगा. BJP कह सकती है कि दिल्ली और पंजाब की दूरी विकास में बाधा है.
यानी फिर वही बात—एक मुद्दा, कई नैरेटिव.
सोशल मीडिया का नैरेटिव और जमीन का नैरेटिव अलग
2027 में यह सबसे बड़ी चुनौती होगी. जिस मुद्दे पर एक्स या इंस्टाग्राम पर लाखों पोस्ट हों, जरूरी नहीं कि वह गांव के वोटर की पहली चिंता हो. और जिस मुद्दे पर सोशल मीडिया शांत हो, संभव है वह किसी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव पलट दे.
इसलिए असली चुनावी विश्लेषण यह नहीं होगा कि कौन-सा हैशटैग ट्रेंड कर रहा है. असली सवाल होगा—पार्टी क्या कह रही है, मतदाता क्या मान रहा है? यानी- नैरेटिव बनाम वास्तविकता.
पांच पार्टियां, लेकिन उससे कहीं ज्यादा नैरेटिव
AAP कहेगी- काम हुआ है. कांग्रेस कहेगी- बदलाव चाहिए. BJP कहेगी- नया विकल्प और मजबूत केंद्र-संबंध चाहिए. SAD कहेगा- पंजाबियत और पंथक आवाज वापस चाहिए. नई पंथक ताकतें कहेंगी- पुराने राजनीतिक ढांचे से बाहर नई आवाज चाहिए.
लेकिन किसान कहेगा- खेती बचाओ. कर्मचारी कहेगा- अधिकार दो. युवा कहेगा- भविष्य दो. और आम परिवार शायद इन सबके ऊपर एक ही सवाल रखेगा- “मेरे बच्चों का पंजाब कैसा होगा?”
यही 2027 का असली चुनाव है
AAP के पास सत्ता है, लेकिन सत्ता के साथ पांच साल का हिसाब भी है. कांग्रेस के पास 2024 की लोकसभा वापसी है, लेकिन 2027 की विधानसभा जीत के लिए संगठन और नेतृत्व की परीक्षा भी है. BJP के पास 18.56 प्रतिशत लोकसभा वोट का संकेत है, लेकिन उसे वोट को सीट में बदलने की कला सीखनी होगी. SAD के पास विरासत है, लेकिन उसे विरासत को भविष्य में बदलना होगा. नई पार्टियों के पास अभी सीमित संगठन है, लेकिन कुछ सीटों पर परिणाम बदलने की क्षमता हो सकती है. और मतदाता? वह किसी का स्थायी नहीं है. वह देखेगा, सुनेगा, तौलेगा और फिर फैसला करेगा.
इसलिए 2027 के पंजाब को केवल AAP बनाम कांग्रेस कहना शायद इस चुनाव के साथ सबसे बड़ा सरलीकरण होगा. यह BJP के विस्तार की लड़ाई भी है. यह SAD के पुनर्जीवन की लड़ाई भी है. यह नई पंथक राजनीति की परीक्षा भी है. यह किसान और कर्मचारी के असंतोष की परीक्षा भी है. यह युवा के भविष्य पर जनमत-संग्रह भी है. और सबसे बढ़कर- यह नैरेटिव की लड़ाई है.
जिस पार्टी का नैरेटिव मतदाता की निजी जिंदगी से जुड़ गया, वही बढ़त बनाएगी. जिस पार्टी का नैरेटिव केवल विरोधी के खिलाफ रहा, उसकी सीमा वहीं खत्म हो जाएगी. जिस पार्टी ने पंजाब को सिर्फ यह समझाया कि “हम सही हैं”, वह आधी लड़ाई लड़ेगी. जो पार्टी यह समझा पाएगी कि “हम आपकी समस्या समझते हैं और आपके भविष्य की विश्वसनीय तस्वीर हमारे पास है”, वही पूरी लड़ाई लड़ पाएगी. क्योंकि अंत में चुनाव घोषणापत्रों से ज्यादा भावनाओं पर चलता है. नारों से ज्यादा भरोसे पर. और पार्टी से ज्यादा उस सवाल पर- “मेरे और मेरे बच्चों के लिए बेहतर पंजाब की कहानी किसके पास है?”
इसलिए 2027 का सबसे बड़ा सवाल शायद यह नहीं है कि AAP जीतेगी या कांग्रेस. न यह कि BJP कितनी सीटें लेगी. न यह कि SAD वापस आएगा या नहीं. न यह कि नई पार्टी कितनी सीटें जीतेगी. सबसे बड़ा सवाल है- किस पार्टी का कौन-सा नैरेटिव जीतेगा वोटर का भरोसा?

