तलवंडी साबो से शिवराज चौहान का ऐलान- पंजाब में बीजेपी सरकार बनी तो 6 महीने में पूरा ड्रग सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त करेंगे; हरियाणा सीएम नायब सैनी ने आप के पुराने नशा विरोधी वादों पर उठाए सवाल, जबकि हरियाणा में भी ड्रग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी

आरके सेठी
चंडीगढ़, 21 सितंबर।
पंजाब में नशे के खिलाफ बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के चौथे चरण के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तलवंडी साबो से छह महीने में पंजाब का पूरा ड्रग नेटवर्क खत्म करने का दावा किया है। दूसरी तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फाजिल्का के सित्तो में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को उसके पुराने नशा विरोधी वादों को लेकर घेरा। खास बात यह है कि जिस हरियाणा मॉडल को बीजेपी पंजाब में सामने रख रही है, उसी हरियाणा में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है और सिरसा, फतेहाबाद, डबवाली तथा हिसार बेल्ट में नशे की समस्या को लेकर सरकारी स्तर पर लगातार अभियान चल रहे हैं। साथ ही, आंकड़े भी बताते हैं की हरियाणा में नशा बढ़ रहा है। जबकि, पंजाब इलेक्शन में बीजेपी अपना पूरा जोर नशे के खात्मे के वादों और दावों पर ही लगा रही।
सिरसा-फतेहाबाद-हिसार बेल्ट में ड्रग्स की चुनौती
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की स्टडी में सिरसा, फतेहाबाद, डबवाली और हिसार समेत कई जिलों को हेरोइन से जुड़े हॉटस्पॉट बताया गया था। स्टडी के मुताबिक पंजाब के अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर और जालंधर से हरियाणा तक सप्लाई रूट जुड़े हुए हैं, जबकि सिरसा-फतेहाबाद-हिसार बेल्ट में पोस्त की भूसी की तस्करी का भी बड़ा नेटवर्क सामने आया था। जनवरी से अगस्त 2025 के बीच हरियाणा में 2,462 एनडीपीएस केस दर्ज हुए और 4,162 गिरफ्तारियां हुईं।
512 गांवों के सर्वे में 6,500 नशे के आदी मिले
हिसार रेंज पुलिस के 2024 के सर्वे में हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हांसी और डबवाली के 512 गांवों में करीब 6,500 लोग नशे की गिरफ्त में पाए गए थे। पुलिस के मुताबिक इनमें करीब 5,000 लोगों की काउंसलिंग और 3,400 लोगों का इलाज कराया जा रहा था। यानी समस्या का दायरा केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इन जिलों में स्वास्थ्य, पुनर्वास और सामाजिक स्तर पर भी लगातार हस्तक्षेप की जरूरत बनी हुई है।
2025 में हरियाणा में 3,738 एनडीपीएस केस, 6,801 गिरफ्तारियां
हरियाणा के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2025 में राज्य में एनडीपीएस एक्ट के तहत 3,738 एफआईआर दर्ज हुईं और 6,801 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी साल करीब 55 किलो हेरोइन, 6,257 किलो गांजा और 18,039 किलो पोस्त की भूसी समेत विभिन्न नशीले पदार्थ जब्त किए गए। अधिकारियों के मुताबिक 2025 में कमर्शियल क्वांटिटी के 457 मामले दर्ज हुए और 1,227 गिरफ्तारियां हुईं।
2026 में भी फतेहाबाद में कार्रवाई तेज
फतेहाबाद में 1 जनवरी से 31 मार्च 2026 के बीच 132 एनडीपीएस केस दर्ज हुए और 250 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2025 की इसी अवधि में 38 केस और 101 गिरफ्तारियां हुई थीं। पुलिस ने 16 कथित नशा तस्करों से जुड़ी करीब 1.3 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई की और कमर्शियल क्वांटिटी के मामले 6 से बढ़कर 17 हो गए। इसी अवधि में 251 जागरूकता कार्यक्रम किए गए और 393 लोगों को नशा मुक्ति उपचार दिलाया गया।
सिरसा में भी लगातार पुलिस ऑपरेशन
सिरसा पुलिस के मुताबिक अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच नौ महीनों में 397 एनडीपीएस केस दर्ज किए गए और 754 कथित ड्रग पेडलर्स गिरफ्तार किए गए। इस दौरान करीब 21 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनमें 5.426 किलो हेरोइन, 112.839 किलो अफीम, 883 किलो पोस्त की भूसी और 48.808 किलो गांजा शामिल था। पुलिस ने ड्रग सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
शिवराज चौहान- “छह महीने में पूरा ड्रग नेटवर्क ध्वस्त कर देंगे”
तलवंडी साबो में तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेकने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश लेकर पंजाब आए हैं। उनका मंच से कहना था- “हम आज दृढ़ संकल्प लेते हैं कि सत्ता में आने के छह महीने के भीतर पूरा ड्रग सप्लाई चैनल, उसके नेटवर्क और नशे के सौदागरों की संपत्तियां ध्वस्त कर दी जाएंगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।” चौहान ने इसे बीजेपी का संकल्प बताते हुए कहा कि नशे की जड़ पर प्रहार किया जाएगा।
“आपकी समयसीमा एक बार खत्म हुई, फिर दोबारा खत्म हुई”
चौहान ने भगवंत मान सरकार को पुराने नशा विरोधी वादों पर घेरते हुए कहा- “मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आपने अरविंद केजरीवाल से क्या वादा किया था? सत्ता में आने से पहले आप कहते थे कि इसे तीन महीने में खत्म कर देंगे, छह महीने में खत्म कर देंगे। आपने समयसीमा दी थी न? लेकिन आपकी समयसीमा एक बार खत्म हुई, फिर दोबारा खत्म हुई और अब फिर से खत्म हो गई।” इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रग कारोबारियों को संरक्षण मिल रहा है और पूछा- “आज इन ड्रग डीलरों को कौन बचा रहा है? इनके ऊपर किसकी संरक्षण की छाया है?”
“रात तुम्हारी है, लेकिन सुबह हमारी होगी”
अपने भाषण के आखिर में चौहान ने कहा- “सुन लें केजरीवाल और भगवंत सिंह मान, नूर की एक किरण जुल्मात पर भारी होगी, रात तुम्हारी है, लेकिन सुबह हमारी होगी।” इसके बाद उन्होंने कहा- “ये रवानी, ये जवानी अब झुकेगी नहीं। पंजाब को बचाना हमारा संकल्प है और हम पंजाब को बचा के ही चैन की सांस लेंगे।”
नायब सैनी- “मान साहब, आपको एक्सपीरियंस हो गया है नशा बढ़ाने का”
फाजिल्का के सितो में नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान के “एक्सपीरियंस” वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा- “मान साहब आपको एक्सपीरियंस हो गया है नशे को बढ़ाने का, नशे में युवाओं को फंसाने का, प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ाने का, कैसे पैसा लूटना है, कहां से लूटना है, फिरोतियों का पैसा कौन मांगता है, ये एक्सपीरियंस आप पार्टी की सरकार को हो गया है।”
“चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है”
सैनी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के पुराने चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा- “आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। हकीकत ये है कि पंजाब में चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है, यह सोचने की बात है।”
“71 हजार गिरफ्तारियां” पर जेल क्षमता का सवाल
सैनी ने भगवंत मान के कथित 71 हजार नशा कारोबारियों की गिरफ्तारी के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा- “मान साहब ये बताएं कि पंजाब की जेलों में मात्र 35 हजार लोग ही आ सकते हैं, जबकि ये कह रहे हैं कि 71 हजार गिरफ्तारियां की। ये पंजाब के लोगों के सामने झूठ बोल रहे हैं…”।
एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती पर सैनी के आरोप
सैनी ने पंजाब की एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि “विधायक और मंत्रियों के इर्द-गिर्द घूमने वाले, उनके रिश्तेदारों के बच्चे एक्साइज इंस्पेक्टर लग गए।” उन्होंने दावा किया कि कुछ अभ्यर्थियों ने दो फॉर्म भरे, दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी और दोनों जगह पास होकर एक्साइज इंस्पेक्टर लगे।
सैनी बोले- नशे की लड़ाई को जन आंदोलन बनाना होगा
सैनी ने अपने भाषण में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी राजनीतिक पार्टी की लड़ाई नहीं बल्कि युवाओं और आने वाली पीढ़ी को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने हरियाणा में मैराथन, साइक्लोथॉन और राहगीरी जैसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को जोड़ने तथा नशे से दूर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब में मौजूदा सरकार की कार्रवाई के आंकड़े भी सामने
बीजेपी के छह महीने वाले दावे के साथ पंजाब सरकार की मौजूदा कार्रवाई के आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं। 1 मार्च 2025 से 3 सितंबर 2026 के बीच पंजाब में 59,293 एनडीपीएस एफआईआर दर्ज होने और 696 ऐसे लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई जिन्हें दो किलो से अधिक हेरोइन के साथ पकड़े जाने की बात कही गई। इसी अभियान में सेफ पंजाब हेल्पलाइन पर 51,979 टिप-ऑफ मिलने और उनसे जुड़ी कार्रवाई में 25,339 गिरफ्तारियां होने की जानकारी भी जारी की गई।
बीजेपी के छह महीने वाले दावे की असली परीक्षा
पंजाब में मौजूदा सरकार बड़े पैमाने पर एफआईआर, गिरफ्तारियां, बरामदगी और सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के आंकड़े पेश कर रही है, जबकि बीजेपी का दावा है कि इन कार्रवाइयों के बावजूद पूरा नेटवर्क खत्म नहीं हुआ और सत्ता मिलने पर वह छह महीने में इसकी जड़ पर प्रहार करेगी। दूसरी तरफ बीजेपी शासित हरियाणा में भी सिरसा, फतेहाबाद, डबवाली और हिसार जैसे इलाकों में ड्रग्स के खिलाफ लगातार पुलिस कार्रवाई, टास्क फोर्स, इलाज और पुनर्वास अभियान चल रहे हैं। इसलिए शिवराज का छह महीने वाला दावा 2027 की पंजाब राजनीति में एक स्पष्ट समयबद्ध राजनीतिक कमिटमेंट है, जिसके सामने यह सवाल रहेगा कि सत्ता मिलने पर इस डेडलाइन को पूरा करने के लिए बीजेपी कौन-सा ठोस ऑपरेशनल और कानूनी मॉडल लागू करेगी।
117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी नशा मुक्त पंजाब यात्रा
बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ 18 सितंबर से शुरू हुई है। चार अलग-अलग यात्राओं के जरिए करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने का कार्यक्रम है और यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होना है। तलवंडी साबो से शुरू हुआ चौथा चरण इसी अभियान का हिस्सा है।

