नशा मुक्ति यात्रा पर CM का पलटवार- “नशे की सप्लाई करने वाले यात्रा निकाल रहे हैं!”; मुंद्रा पोर्ट, ड्रोन, हथियार, BSF और गैंगस्टरों के मुद्दे पर BJP को घेरा

आरके सेठीचंडीगढ़, 14 सितंबर।पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन अभी से गरम होने लगी है। बीजेपी ने नशे के मुद्दे पर 18 सितंबर से पूरे पंजाब में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकालकर 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने का प्लान बनाया है। चार यात्राएं करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगी और 30 सितंबर को जालंधर में अभियान का समापन होगा। बीजेपी की इस बढ़ती एक्टिविटी के बीच CM भगवंत मान अब सीधे ऑफेंसिव मोड में दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को चंडीगढ़ में DGP गौरव यादव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में CM ने नशा मुक्ति यात्रा को लेकर BJP पर तीखा पलटवार किया। नशे की सप्लाई से लेकर मुंद्रा पोर्ट, पाकिस्तान बॉर्डर, ड्रोन, हथियार, BSF और गैंगस्टरों तक- CM ने कई मुद्दों को एक साथ उठाया।
“नशे की सप्लाई करने वाले यात्रा निकाल रहे हैं!”
CM मान ने BJP की प्रस्तावित नशा मुक्ति यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा- “नशे की सप्लाई करने वाले यात्रा निकाल रहे हैं!”मान का सीधा संदेश था कि पंजाब को अकेले नशे के लिए कटघरे में खड़ा करने के बजाय देश में नशे की सप्लाई के पूरे नेटवर्क को देखना चाहिए।
“पहले अपना मुंद्रा पोर्ट संभालो”
CM ने गुजरात के मुंद्रा पोर्ट को लेकर भी BJP पर हमला बोला। मान ने कहा कि पंजाब को नशे के मुद्दे पर घेरने से पहले गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर ध्यान दिया जाना चाहिए।उन्होंने सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों के रास्ते बड़ी मात्रा में ड्रग्स की सप्लाई की बात सामने आती है तो पंजाब को ही लगातार बदनाम क्यों किया जा रहा है।
“पंजाब को ही क्यों बदनाम किया जा रहा है?”
मान ने कहा कि पंजाब पाकिस्तान के साथ 533 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है। उन्होंने कहा कि सीमा पर पंजाब पुलिस और BSF मिलकर काम कर रहे हैं और ड्रोन तथा संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।CM ने यह सवाल भी उठाया कि अगर पंजाब में ड्रग्स पकड़ी जा रही हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि हर ड्रग्स की शुरुआत पंजाब से ही होती है।
“ड्रोन से ड्रग्स और हथियार आ रहे हैं”
मान ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए ड्रग्स और हथियार पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से छोटे-छोटे पैकेट ड्रोन के जरिए भेजे जाते हैं।
इसी बीच हाल की कार्रवाई में पंजाब पुलिस और BSF द्वारा ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई करीब 24 किलो हेरोइन बरामद किए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई है।
“AK-47 कहां से आ रही हैं?”
हथियारों के सवाल पर CM ने AK-47 राइफलों का मुद्दा उठाया। मान ने सवाल किया कि अगर सीमा पर BSF तैनात है और हथियार पंजाब पहुंच रहे हैं तो ये हथियार किस रास्ते से आ रहे हैं।उन्होंने सवाल किया कि इसकी जिम्मेदारी और सप्लाई रूट को लेकर केंद्र और राज्य की एजेंसियों को मिलकर जवाब तलाशना चाहिए।
“BSF के साथ पंजाब पुलिस भी सीमा पर”
CM ने कहा कि पंजाब पुलिस का बड़ा हिस्सा BSF के साथ मिलकर सीमा पर काम करता है। ड्रोन की गतिविधियों और सीमा पार से आने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पंजाब पुलिस, BSF, सेना और केंद्रीय एजेंसियों के बीच तालमेल की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया।
“गैंगस्टरों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा”
गैंगस्टरों के मुद्दे पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए मान ने कांग्रेस और अकाली दल के पुराने दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय पंजाब में ऐसा माहौल था कि लोग शाम होते ही घरों के दरवाजे बंद कर लेते थे और किसी के घर से निकलने के बाद वापस लौटने की भी चिंता रहती थी।CM ने विपक्ष से केवल विरोध और इस्तीफे की मांग करने के बजाय अपना रोडमैप सामने रखने को कहा।
“यह गिद्ध राजनीति है”
विपक्ष की राजनीति पर हमला करते हुए CM ने कहा- “जहां थोड़ी सी लाश की बू आती है, वहां सभी पहुंच जाते हैं।”
मान ने इसे “गिद्ध राजनीति” बताया और कहा कि पंजाब के गंभीर मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय मिलकर समाधान निकालने की जरूरत है।
DGP ने भी रखी पुलिस कार्रवाई की तस्वीर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में DGP गौरव यादव ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा भी रखा। DGP के मुताबिक मार्च 2022 से अब तक 1,234 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया और 12 गैंगस्टर मॉड्यूल ध्वस्त किए गए। 428 हथियार और 719 वाहन जब्त किए गए।DGP ने बताया कि 2026 में अब तक विदेशों में मौजूद 10 भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है। आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में 92 टेरर मॉड्यूल ध्वस्त किए गए और 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके मुताबिक 54 AK-47, करीब 600 रिवॉल्वर-पिस्टल, 38 IED, 28.8 किलो RDX, 6 RPG और 952 ड्रोन बरामद किए गए।
“युद्ध नशे विरुद्ध” का भी हिसाब
DGP ने ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान का भी ब्यौरा रखा। उनके मुताबिक 1 मार्च 2025 से करीब 60,582 FIR दर्ज हुईं और लगभग 80 हजार गिरफ्तारियां हुईं। इस दौरान 708 बड़े ड्रग तस्करों को पकड़ा गया तथा 3,803 किलो हेरोइन, 78 लाख टैबलेट-कैप्सूल, 46 टन पोस्त की भूसी और 976 किलो अफीम बरामद की गई।DGP के मुताबिक NDPS मामलों में पंजाब की कन्विक्शन रेट 89 फीसदी रही।
BJP ने भी मैदान पूरी तरह तैयार किया
दूसरी तरफ BJP ने 18 सितंबर से शुरू होने वाले अपने अभियान को पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक ले जाने की तैयारी की है। पहली यात्रा पठानकोट के माधोपुर से 18 सितंबर को शुरू होगी, जबकि दूसरी 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, तीसरी 20 सितंबर को फाजिल्का और चौथी 21 सितंबर को तलवंडी साबो से शुरू होगी। चारों यात्राएं जालंधर में पहुंचेंगी।BJP ने इस अभियान को नशे के खिलाफ जनआंदोलन के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों से भी जोड़ा है। 30 सितंबर को जालंधर में इसका बड़ा समापन कार्यक्रम प्रस्तावित है।
BJP ने नशे को चुनावी मैदान में उतारा, CM ने सीधे जवाबी हमला शुरू किया
पंजाब की सियासत में असली लड़ाई अब साफ दिखाई देने लगी है। BJP ने नशे को 2027 चुनाव से पहले AAP सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश शुरू कर दी है। 117 सीटों तक जाने वाली चार यात्राएं महज एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि लंबा पॉलिटिकल आउटरीच है। इसके जवाब में CM मान ने रक्षात्मक सफाई देने के बजाय सीधे BJP और केंद्र के सामने मुंद्रा पोर्ट, BSF, सीमा सुरक्षा, ड्रोन और हथियारों के सवाल खड़े कर दिए हैं। यानी नशे के मुद्दे पर BJP जिस नैरेटिव को पंजाब की AAP सरकार के खिलाफ ले जाना चाहती है, CM मान अब उसी मुद्दे को केंद्र और BJP शासित राज्यों की तरफ मोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पंजाब की 2027 चुनावी राजनीति में यह सीधी टक्कर और तेज होने के संकेत हैं।

